छत्तीसगढ़

CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ में फिर बरसेंगे बदरा, अगले 48 घंटे गरज-चमक के साथ होगी बारिश, आंधी-ओले की भी चेतावनी, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ, द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण एक साथ सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश, तेज आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि प्रदेश के विभिन्न संभागों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की संभावना बनी रहेगी। मौसम विज्ञानी आकाश शर्मा के अनुसार, 6 और 7 अप्रैल को विशेष रूप से मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा। इन इलाकों में ओलावृष्टि और तेज गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं 8 अप्रैल को बारिश की गतिविधियां दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर केंद्रित होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार 6 अप्रैल को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

प्रशासन ने इस स्थिति को देखते हुए लोगों, खासकर खुले स्थानों पर काम करने वाले मजदूरों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने, खुले मैदानों में रहने और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की गई है, क्योंकि वज्रपात जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

Related Articles

Back to top button