छत्तीसगढ़

CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ के मौसम ने अचानक ली करवट, कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ गिरे ओले, अगले 5 दिन अंधड़-बारिश का अलर्ट…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली। भीषण गर्मी के बीच गरियाबंद और रायगढ़ जिले में ओले गिरे हैं। गुरुवार को गरियाबंद जिले के इंदागांव, उदंती, जुगाड़ क्षेत्र में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। इस दौरान नेशनल हाइवे 130C इंदागांव से जुगाड़ तक बड़े-बड़े बर्फ के गोले बिछ गए। इस बदलाव ने लोगों को चौंका भी दिया और राहत भी दी।

मौसम का असर गरियाबंद के साथ लोरमी में भी दिनभर की गर्मी के बाद शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को राहत मिली। वहीं जशपुर में तेज बारिश और हवाओं से कुछ इलाकों में पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इस बदलाव ने एक तरफ गर्मी से राहत दी, तो दूसरी तरफ जनजीवन प्रभावित भी किया।

ओले इतने तेज थे कि नेशनल हाईवे 130C पर इंदागांव से जुगाड़ तक बड़े-बड़े ओले जमा हो गए। सड़क और आसपास के खेतों में सफेद परत बिछ गई, जो किसी बर्फबारी से कम नहीं लग रही थी। राहगीरों को कुछ समय के लिए रुकना पड़ा और कई जगहों पर यातायात धीमा हो गया। खेतों में बिछी यह बर्फ जैसी परत किसानों के लिए चिंता का कारण भी बन गई है।

तापमान में गिरावट से राहत

इस मौसम परिवर्तन का असर तापमान पर भी दिखने लगा है। अगले 2 दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद अगले 3 दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। फिलहाल प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।

5 दिन तक अंधड़ और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 5 दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार सभी संभागों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button