CG Rain Alert : मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, रायपुर समेत 18 जिलों में होगी झमझम बारिश, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर हल्की फुहारें गिर रही हैं। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में लगातार बारिश होने की संभावना जताई है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों के लिए भारी बारिश की विशेष चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सारंगढ़ में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा लाल बहादुर नगर में 11 सेमी, जबकि सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10-10 सेमी वर्षा दर्ज की गई। चिरमिरी और डौंडीलोहारा में 9-9 सेमी और सरसीवा में 8 सेमी पानी गिरा है। प्रदेश में इस मूसलाधार बारिश के चलते तापमान में भी बड़ा बदलाव आया है। शुक्रवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार हो रही वर्षा से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है।
मौसम विभाग ने राज्य के 18 जिलों में मध्यम से भारी बारिश की तात्कालिक चेतावनी (Nowcast) जारी की है। इन जिलों में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, रायगढ़, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली शामिल हैं। प्रशासन ने इन सभी क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी करते हुए जलभराव वाले इलाकों की निगरानी के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में नदी-नालों के किनारे जाने पर रोक लगा दी गई है, और आकाशीय बिजली (Lightening) से बचने के लिए लोगों को पक्के मकानों में शरण लेने की सलाह दी गई है।


