CG Rain Alert : मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रहने वाले लोगों के लिए मौसम को लेकर एक बहुत ही जरूरी अपडेट सामने आया है। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग ने आज रायपुर समेत प्रदेश के 14 जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी रही, लेकिन दक्षिणी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने के कारण उमस और तापमान में बढ़ोतरी देखी गई, लेकिन आज सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विज्ञान के मुताबिक, शुक्रवार को प्रदेश के एक बड़े हिस्से में मौसम खराब रहेगा। जिन जिलों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है, उनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा शामिल हैं। इन इलाकों में रहने वाले नागरिकों को बिजली चमकने के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे न रुकने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय हवा में एक मजबूत वेदर सिस्टम काम कर रहा है। औसत समुद्र तल पर मानसून की द्रोणिका (ट्रफ लाइन) अनूपगढ़, रोहतक और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने एक कम दबाव के क्षेत्र से होते हुए फुरसतगंज, डेहरी, धनबाद, बांकुरा और दीघा से होकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।
इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है, जो समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। यह सिस्टम अगले 24 घंटों के भीतर धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा, जिससे छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा।



