छत्तीसगढ़

CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ में फिर एक्टिव हुआ मानसून, अगले 3 दिन भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 से 15 अगस्त तक प्रदेश के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।

कई जिलों में बादल, रुक-रुककर होगी बारिश

छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। 13 अगस्त को धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सूरजपुर, सरगुजा और कोरिया समेत आसपास के जिलों में मानसून ज्यादा एक्टिव रह सकता है। कुछ जिलों में अचानक तेज हवा चलने के साथ आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी है। हवा की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

एक्टिव वैदर सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के पास बना कम दबाव का क्षेत्र और उससे जुड़ी मौसमी प्रणालियां छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रही हैं। इसलिए अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।

14 अगस्त को भी बारिश जारी रहने के आसार

अगले दिन प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रह सकता है। कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर परेशानी की स्थिति बन सकती है।

15 अगस्त को भी बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। एक-दो जगहों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। यानी अगले 3 दिनों में लोगों को उमस से राहत मिलेगी, लेकिन बारिश के कारण आवाजाही प्रभावित होने की संभावना भी रहेगी।

Related Articles

Back to top button