छत्तीसगढ़

CG Rain Alert : झुलसाती गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, गरज-चमक के साथ हुई झमाझम बारिश, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार दोपहर अचानक आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ ही बारिश हुई, जिसके कारण लोगों को तेज धूप और गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। बारिश के कारण तापमान में आई गिरावट से मौसम सुहाना हो गया है।

दरअसल, शहर वासियों को तेज धूप के साथ ही गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन शनिवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। लगभग पूरे शहर में गरज-चमक और आंधी-तूफान के साथ ही झमाझम बारिश देखने को मिली। आंधी-तूफान के चलते कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।

बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही अगले 4 दिनों तक लगभग सभी संभागों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई थी। वहीं कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई थी।

शुक्रवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ दुर्ग सबसे गर्म रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस के साथ अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञानी एच. पी. चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर और उसके आसपास मौजूद है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश से उत्तर अंदरूनी उड़ीसा तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के कारण छत्तीसगढ़ के एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ अंधड़ और वज्रपात होने के आसार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button