CG- राज ज्वेलर्स लूटकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, सलवार शूट पहनकर दिया था वारदात को अंजाम, कर्नाटक बोर्डर पर पुलिस ने दबोचा…..

कोरबा। कोरबा के कटघोरा थाना अंतर्गत छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में मुख्य आरोपी विष्णु राठिया को कर्नाटक बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया गया है। लूट के दौरान वह सलवार सूट पहनकर महिला बनकर आया था। गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस चर्चित मामले के सभी आरोपियों को दबोच लिया है।
महिला का भेष बनाकर रची थी लूट की पूरी योजना
1 जुलाई को छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में तीन बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे थे। तीनों ने चेहरे गमछे से ढक रखे थे, जबकि विष्णु राठिया सलवार-सूट पहनकर महिला के वेश में दुकान के अंदर गया। योजना यह थी कि महिला पर किसी को संदेह नहीं होगा और आसानी से वारदात को अंजाम दिया जा सकेगा।
चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया गया। इसी दौरान एक आरोपी ने दरवाजा बंद किया, दूसरे ने देशी कट्टा निकाल लिया और तीसरे ने जेवर समेटने की कोशिश शुरू कर दी।
शोर-शराबा सुनकर दुकान के बाहर लोग जमा होने लगे। हालात बिगड़ते देख आरोपी घबरा गए और कट्टा तथा चोरी की मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साइबर टीम की मदद से आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। जांच में सामने आया कि आरोपी जंगलों के रास्ते जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर होते हुए भाग रहा था। आखिरकार विशेष टीम ने कर्नाटक बॉर्डर पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में गोपाल सिंह और परदेशी राठिया को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब महिला का भेष बनाकर वारदात की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के साथ पुलिस जांच को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपियों की दोस्ती जेल में हुई थी। रिहा होने के बाद उन्होंने मिलकर ज्वेलरी दुकान में लूट की योजना बनाई। वारदात के लिए चोरी की बाइक और अवैध हथियार का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



