
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। सिहावा थाना क्षेत्र में चौथी कक्षा का एक मासूम छात्र पिछले 40 घंटे से लापता है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मामला धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिरसिदा का है। जानकारी के अनुसार, निकेतन साहू, पिता भारत लाल साहू, जो गांव के ही स्कूल में कक्षा चौथी का छात्र है, 28 जुलाई की शाम करीब 5 बजे से लापता है।
बताया जा रहा है कि निकेतन रोज की तरह स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटा था। कुछ देर घर पर रहने और कपड़े बदलने के बाद वह शाम करीब 5 बजे घर से बाहर निकला, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
बच्चे के देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कहीं भी उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद घबराए परिजनों ने सिहावा थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में खोजबीन कर रही है और हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है।
फिलहाल घटना के 40 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मासूम निकेतन का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्चे के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को बच्चे के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो तत्काल सिहावा थाना या नजदीकी पुलिस को सूचित करें।



