CG – धान की रकम लेकर लौट रहे किसान से दिनदहाड़े लूट : हेलमेट पहनकर आए लुटेरे 2.5 लाख लेकर हुए फरार, इलाके में सनसनी, तलाश में जुटी पुलिस……

जांजगीर-चांपा। जिले के राहौद नगर में किसान से दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। जहां बाइक सवार दो युवक किसान से करीब ढाई लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार किसान पामगढ़ स्थित बैंक से धान बिक्री का पैसा निकालकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पल्सर बाइक में दो युवक उसके पास पहुंचे और मौका पाकर नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही राहौद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें आरोपी नजर आए हैं। फुटेज में बाइक चालक हेलमेट पहने हुए दिखाई दे रहा है, जिससे उसकी पहचान में चुनौती आ रही है। पुलिस ने जिले के सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



