छत्तीसगढ़

CG – दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में लूट : युवती के वेश में पहुंचा बदमाश, दुकानदार की आँखों में झोंका मिर्ची, झूमा झपटी के बाद कट्टा-बाइक छोड़कर फरार……

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुरी बाजार में दिनदहाड़े हथियारबंद लुटेरों ने तांडव मचा दिया। नकाबपोश तीन बदमाशों ने राज ज्वैलर्स दुकान में घुसकर लूट की कोशिश की। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी बाजार स्थित राज ज्वैलर्स में तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे। इनमें से एक आरोपी युवती के वेश में सलवार-सूट पहनकर आया था ताकि उसकी पहचान न हो सके।बदमाशों ने कट्टे और चाकू की नोक पर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार की बहादुरी के चलते वे अपना देसी कट्टा और बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजे तीनों आरोपी ग्राहक बनकर राज ज्वैलर्स पहुंचे। उन्होंने पहले सोने की अंगूठी दिखाने की बात कही। जैसे ही दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने जेवर निकालकर दिखाए, एक आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद बदमाशों ने कट्टे और चाकू के दम पर काउंटर में रखे जेवर समेटने शुरू कर दिए। जल्दबाजी में वे नकली आर्टिफिशियल ज्वेलरी को भी असली समझकर अपने साथ ले गए।

वारदात के दौरान दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे। बदमाश जब लूटकर भागने लगे तो दुकानदार राजकुमार अग्रवाल ने उनका पीछा कर पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे दुकानदार घायल हो गए। वहीं हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने उनके हाथ पर दांत से काट लिया। संघर्ष के बीच बदमाश अपना देसी कट्टा और प्लेटिना बाइक मौके पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कुछ असली जेवरात के साथ-साथ आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

वारदात के बाद कोरबा जिले समेत आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button