छत्तीसगढ़

CG-दिनदहाड़े लाखों की लूट : व्यापारी से साढ़े तीन लाख की लूट, बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी रोका और चाकू-डंडे से हमला कर वारदात को दिया अंजाम……

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से लूट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जहां बदमाशों ने व्यापारी से 3.50 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। घी लेने जाते समय चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर धमकाया और डंडे-रॉड से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी व्यापारी से 1.60 लाख रुपए कैश, सोने की चेन और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत 3.50 लाख रुपए बताई जा रही है। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कतियापारा में रहने वाले अभिषेक गुप्ता घी खरीदने के लिए कोनी स्थित देवभोग कार्यालय जा रहा था। भुगतान करने के लिए वह अपने साथ 1.60 लाख रुपए कैश लेकर बाइक से निकला था। बिरकोना रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचते ही पीछे से बाइक पर आए नकाबपोश बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने हमला कर घायल कर दिया और लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग खड़े हुए।

अभिषेक ने बताया कि लूट और हमले के बाद वह खून से लथपथ हालत में करीब 20 मिनट तक सड़क किनारे पड़ा रहा। इस दौरान वह सदमे में था और मदद के लिए इंतजार करता रहा। कुछ देर बाद उसने शोर मचाकर लोगों का ध्यान खींचा और अपने दोस्तों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई। इलाज कराने के बाद अभिषेक थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कोनी थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है,।

Related Articles

Back to top button