CG- बच्चा चोरी की अफवाह में बवाल! 5 महिलाओं के साथ मारपीट, बाल खींचकर बरसाए लात-घूंसे, घरों में मांग रहे थे चंदा…..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र के ग्राम नंदौरी में बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने पांच महिलाओं को बंधक बनाकर बेरहमी से पीट दिया। बताया जा रहा है कि महिलाएं गांव में घर-घर जाकर चंदा मांग रही थीं। इसी दौरान बच्चा चोरी का शक होने पर ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना में महिलाओं के बाल खींचने के साथ लात-घूंसों से हमला करने की बात सामने आई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि, ये महिलाएं एक ऑटो में सवार होकर गांव पहुंची थीं। आरोप है कि, बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीणों को बच्चा चोरी का शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने महिलाओं को घेरकर पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि, महिलाओं के साथ आए दो पुरुष मौका देखते ही वहां से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। भिलाई-3 थाना प्रभारी विजय यादव ने बच्चा चोरी की किसी भी घटना से स्पष्ट इनकार किया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, गांव के सरपंच ने शिकायत दर्ज कराई है कि, महिलाएं जबरन घरों में घुसकर पैसे और चंदा मांग रही थीं। इसी बात को लेकर ग्रामीणों और महिलाओं के बीच विवाद शुरू हुआ था। पूछताछ के दौरान महिलाएं अपने रहने का पता अलग-अलग बता रही थीं, लेकिन शुरुआती जांच में सामने आया है कि, सभी महिलाएं दुर्ग के जेवरा-सिरसा इलाके की रहने वाली हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने सभी पीड़ित महिलाओं को सुरक्षात्मक रूप से थाने में बैठाया है और उनके नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि, शिकायतकर्ताओं को भी थाने बुलाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।



