CG – शर्मनाक : कलयुगी माँ की काली करतूत, नवजात बच्ची को तालाब में फेंका, डूबने से हुई मौत, इस वजह से दिया था वारदात को अंजाम…..

बिलासपुर। जिले के बेलगहना चौकी अंतर्गत लमरीडबरी गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नवजात बच्ची को जन्म के बाद जिंदा तालाब में फेंक दिया गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना मार्च महीने की है। 29 मार्च की दोपहर गांव की महिला बृजबाई ने कोटवार निर्मलदास मानिकपुरी को सूचना दी थी कि गांव के रामसागर तालाब में एक बच्चे का शव तैर रहा है।
सूचना मिलने पर कोटवार मौके पर पहुंचा और तालाब के दक्षिण हिस्से में नवजात बच्ची का शव औंधे मुंह तैरता हुआ देखा। शव को बाहर निकालने पर बच्ची की उम्र करीब एक से दो दिन होने का अनुमान लगाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। विस्तृत मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बच्ची की मौत प्राकृतिक नहीं थी। जांच में सामने आया कि नवजात को जिंदा तालाब में फेंका गया था, जिससे पानी में डूबने और दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई। पुलिस का मानना है कि किसी ने लोक-लाज के डर से बच्ची के जन्म को छिपाने के लिए यह कदम उठाया।



