CG- शर्मनाक वारदात : मूक-बधिर महिला के साथ दुष्कर्म, आरोपी ने खेत में ले जाकर की दरिंदगी की हदें पार……

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मूक-बधिर महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने खेत में महिला के साथ वारदात को अंजाम दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 26 अक्टूबर को थाना तुमला क्षेत्र के एक ग्राम के 34 वर्षीय युवक ने थाना तुमला में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि 25 अक्टूबर की शाम लगभग 6:30 बजे वह शौच के लिए मैदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसे भदरा झाड़ी की ओर से किसी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह तत्काल मौके पर दौड़कर गया, जहां उसने अपनी 37 वर्षीय दिव्यांग बहन को गांव के ही चंद्रहास कुमार के साथ देखा। पीड़िता के साथ आरोपी दुष्कर्म कर रहा था। प्रार्थी को देख आरोपी अपने कपड़े, पर्स व मोबाइल छोड़कर वहां से भाग निकला।
मामले की गंभीरता व संवेदनशीलता को देखते हुए थाना तुमला पुलिस ने युवक की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए आरोपी चंद्रहास कुमार के खिलाफ धारा 64(1), 64(2)(i) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया।
मामले में कार्रवाई करते हुए थाना तुमला पुलिस ने आरोपी चंद्रहास कुमार को हिरासत में लिया और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। जाँच के दौरान आरोपी से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तुमला पीएसआई जितेंद्र कुमार साहू, पीएसआई विमलेश्वरी मरकाम, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक मुकेश भगत सहित थाना तुमला के स्टाफ की भूमिका रही।
डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं व बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति गंभीर एवं संवेदनशील है। थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत एक दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।



