CG- गुपचुप खाते ही एक ही परिवार के 7 लोगों के साथ हुआ कुछ ऐसा, मच गई चीख-पुकार…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त और तबीयत खराब होने की शिकायत के बाद सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। इस घटना में तीन बच्चों की हालत ज्यादा खराब बताई जा रही है, जबकि छह वर्षीय एक बच्चे को एनआईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है।
जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के परसदा गांव से महेश साहू अपनी पत्नी संतोषी साहू और परिवार के बच्चों के साथ घूमने के लिए बिलासपुर आए थे। अष्टमी की रात परिवार ने सीएमडी कॉलेज के पास एक ठेले पर गुपचुप खाया था। इसके बाद सभी अपने घर लौट गए। बताया जा रहा है कि अगले दिन सुबह उठते ही परिवार के सदस्यों को उल्टी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते परिवार के सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद सभी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
अस्पताल में भर्ती सात मरीजों में तीन बच्चे शामिल हैं, जिनकी हालत ज्यादा खराब बताई जा रही है। इनमें छह वर्षीय एक बच्चे को एनआईसीयू में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है। गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत बिगड़ने से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।



