छत्तीसगढ़

CG – छात्र की मौत : दोस्तों के साथ गया था अरपा नदी, पलभर में ऐसे हुआ हादसे का शिकार, SDRF ने बरामद किया शव…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अरपा नदी में नहाने के दौरान 14 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किशोर दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किशोर का शव नदी से बरामद किया गया। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सौरभ धुरी (14) पिता जीवन धुरी नवमीं कक्षा का छात्र था। वह चार-पांच दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाने गया था। सभी बच्चे नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान सौरभ गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक डूबने लगा।

दोस्तों ने उसे डूबते देखकर पहले बचाने की कोशिश की। लेकिन, वह तेजी से गहराई में समा गया। इससे घबराए लड़कों ने आसपास के लोगों और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और सौरभ की तलाश शुरू की। नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण SDRF की टीम को भी बुलाया गया।

SDRF के जवानों ने नदी में सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने दोपहर करीब 2 बजे सौरभ का शव नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button