CG – गर्मी छुट्टी खत्म,स्कूल की बदहाली नहीं किसान परसदा प्राइमरी में 2:05 बजे ही लगा ताला, शिक्षक फरार, BEO ने कहा- रुकेगा वेतन पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी//गर्मी की छुट्टियां खत्म होते ही सरकारी स्कूल तो खुल गए, पर बदहाली की खबरें खत्म होने का नाम नहीं ले रही। मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत किसान परसदा के प्राथमिक शाला में बुधवार 24 जून को दोपहर 2:05 बजे ही स्कूल बंद कर सारे शिक्षक घर जा चुके थे। मामला सामने आने के बाद सरपंच पति नरेंद्र दिनकर ने मस्तूरी BEO से शिकायत की है। BEO ने सख्त कार्रवाई और वेतन रोकने की चेतावनी दी है।
क्या है पूरा मामला…
1.समय से पहले छुट्टी सरकारी नियम के मुताबिक प्राथमिक स्कूल का समय सुबह 10:00 से शाम 4:00 बजे तक है। लेकिन किसान परसदा प्राइमरी शाला में बुधवार को 2:05 बजे ही गेट पर ताला लटक गया।
2.बच्चे भेजे घर स्कूल पहुंचे पालकों ने देखा कि न बच्चे हैं न शिक्षक। पता चला कि मध्याह्न भोजन के बाद ही बच्चों को छुट्टी दे दी गई और शिक्षक भी निकल गए।
3.सरपंच पति ने पकड़ा सरपंच पति नरेंद्र दिनकर जब स्कूल पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। उन्होंने फोटो-वीडियो बनाकर तत्काल मस्तूरी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भेजा और फोन पर शिकायत दर्ज कराई।
4.पुरानी आदत ग्रामीणों ने बताया कि इसी स्कूल में पिछले सत्र में भी 3-4 बार समय से पहले स्कूल बंद करने का मामला सामने आया था। चेतावनी के बाद भी सुधार नहीं हुआ।
BEO ने क्या कहा…
मस्तूरी BEO ने फोन पर बताया, “शिकायत मिली है और वीडियो भी देखा है। यह गंभीर लापरवाही है। कल ही जांच टीम भेज रहे हैं। दोषी शिक्षकों का वेतन काटा जाएगा और कारण बताओ नोटिस जारी होगा। निलंबन की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों कों सिफारिश करेंगे।
पालकों में नाराजगी
“गांव के बच्चे प्राइवेट में पढ़ नहीं सकते, इसलिए सरकारी स्कूल भेजते हैं। पर यहाँ शिक्षक खुद ही स्कूल नहीं आना चाहते। हमारे बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है” – एक पालक ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि शिक्षकों की लापरवाही की वजह से ही बच्चों की संख्या यहाँ घट रही है।




