CG – नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, इलाके में फैली सनसनी,13 दिन पहले ही हुई थी शादी, पति पर लगे ये गंभीर आरोप……

राजिम। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शादी के महज 13 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम खैरझिटी निवासी नूतन दीवान की शादी हाल ही में मगरलोड थाना क्षेत्र के करेली छोटी निवासी कामेश के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद नूतन की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति कामेश उसके साथ मारपीट करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद पति ने मौत के असली कारण को छुपाने की कोशिश की।
परिजनों ने मामले को हत्या बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


