CG- ताज होटल में रायपुर के कारोबारी की संदिग्ध मौत, मार्कफेड की बैठक में गए थे शामिल होने, कमरे से बरामद हुआ ये सामान…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जाने-माने राइस मिलर और कारोबारी दीपक कुमार मित्तल की चंडीगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में ठहरे हुए थे। बुधवार को होटल के कमरे में बेहोशी की हालत में मिलने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम सक्रिय हो गई। फिलहाल कारोबारी की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार मित्तल पंजाब सरकार को राशन किट आपूर्ति करने वाले कांट्रैक्टर थे। वे चंडीगढ़ में मार्कफेड की एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हुए थे और ताज होटल में ठहरे हुए थे।
बुधवार को जब होटल का एक वेटर किसी काम से उनके कमरे में पहुंचा, तो दीपक मित्तल बेहोश हालत में बिस्तर पर पड़े मिले। होटल प्रबंधन की सूचना पर उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि, प्रारंभिक जांच के दौरान होटल के कमरे से शराब और कुछ दवाइयां मिली हैं। जांच में आशंका जताई जा रही है कि, मौत अत्यधिक शराब के सेवन और दवाइयों के ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है। मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जांच के दौरान एक अहम बात यह भी सामने आई है कि, घटना से एक रात पहले एक युवती उनके होटल के कमरे में आई थी। पुलिस ने उस महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल चंडीगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है।



