CG- शिक्षिका बर्खास्त : छुट्टी पर रहने वाली शिक्षिका की हुई पूरी छुट्टी, शिक्षा विभाग ने किया सेवा समाप्त, देखें आदेश…..

पेंड्रा। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा में पदस्थ संविदा व्याख्याता (अंग्रेजी) पायल कौशले के खिलाफ जिला शिक्षा अधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार लंबे समय तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और विभागीय नोटिस का जवाब नहीं देने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, पायल कौशले 20 दिसंबर 2024 से 16 अगस्त 2026 तक लगातार अपने कर्तव्य से अनुपस्थित रहीं। इसके बाद 17 अगस्त को उन्होंने विद्यालय में उपस्थिति दर्ज कराई, लेकिन अगले ही दिन यानी 18 अगस्त से बिना किसी सूचना के फिर से गैरहाजिर हो गईं।
लगातार अनुपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। हालांकि, विभाग के अनुसार नोटिस के बावजूद उन्होंने अपना जवाब प्रस्तुत नहीं किया।
विभागीय स्तर पर मामले की जांच और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर लगातार अनुपस्थित रहने तथा नोटिस का जवाब नहीं देने को कार्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता माना गया।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने संविदा व्याख्याता पायल कौशले के खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया।
विद्यालय में पदस्थ संविदा शिक्षक के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में भी चर्चा तेज हो गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और बिना सूचना लंबे समय तक अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लिया जाएगा।




