CG नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने एवं दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल..!

धमतरी नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने एवं दुष्कर्म करने के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में थाना सिहावा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच प्रारंभ की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीड़िता को सकुशल बरामद किया।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, पीड़िता के बयान एवं चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर ग्राम कौन्दकेरा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद निवासी राकेश डहरिया (33 वर्ष) के विरुद्ध थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 46/2026 पंजीबद्ध किया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87 एवं 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त की गई है। प्रकरण में पीड़िता का न्यायालयीन बयान दर्ज कराने, एफएसएल परीक्षण एवं अन्य आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूर्ण की जा रही हैं।
धमतरी पुलिस ने बताया कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक पॉक्सो एक्ट के 10 गंभीर मामलों में उत्कृष्ट विवेचना, सशक्त साक्ष्य संकलन एवं प्रभावी पैरवी के माध्यम से आरोपियों को न्यायालय से 20-20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा दिलाई जा चुकी है।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।