CG- दिनदहाड़े बदमाशों का कारनामा, किसान की बाइक की डिक्की से इतने लाख रुपये किए पार….

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जैजैपुर नगर में उठाईगिरी की एक और वारदात सामने आई है। इस बार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक किसान को निशाना बनाते हुए उसकी एक लाख रुपये की रकम पार कर दी। किसान जिला सहकारी बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहा था। इसी दौरान भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड के पास अज्ञात उठाईगीरों ने बाइक की डिक्की में रखी रकम चोरी कर ली।
सक्ती जिले के ग्राम कचंदा निवासी होली साय साहू बुधवार को घरेलू कार्य के सिलसिले में जैजैपुर स्थित जिला सहकारी बैंक पहुंचे थे। बैंक से एक लाख रुपये निकालने के बाद उन्होंने रकम अपनी बाइक की डिक्की में रखी और घर लौटने लगे। इसी दौरान जैजैपुर बस स्टैंड के पास अज्ञात बदमाशों ने भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए उनकी बाइक की डिक्की खोलकर एक लाख रुपये पार कर दिए। कुछ देर बाद जब किसान को रकम गायब होने का पता चला तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश बैंक से ही किसान की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
जैजैपुर नगर में पिछले एक सप्ताह के भीतर चोरी और उठाईगिरी की यह तीसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे पहले अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था। इस घटना का खुलासा भी नहीं हो पाया था कि घर के सामने खड़ी एक बाइक चोरी कर ली गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद जैजैपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



