CG -दिलकश आवाज ने लूट लिए लाखों रुपए, ड्रीम गर्ल बनकर फसाया जाल में, फिर लूट लिए लाखों रुपए……

रायपुर। राजधानी रायपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां बीमा पॉलिसी मैच्योर होने और बोनस दिलाने का लालच देकर ठगी की यह वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि ठगों ने लड़कियों की आवाज में बातचीत करने के लिए हाईटेक एप्लीकेशन का इस्तेमाल किया, जिससे पीड़ितों को जरा भी शक नहीं हुआ।
इस गिरोह ने रायपुर के सेजबहार निवासी परमजीत सिंह को अपना शिकार बनाया। ठगों ने उन्हें फोन कर बताया कि उनकी बीमा पॉलिसी मैच्योर हो चुकी है और उन्हें बोनस का बड़ा अमाउंट मिल सकता है। भरोसा जीतने के बाद अलग-अलग बहानों से उनसे कुल 9.69 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित को जब ठगी का अहसास हुआ, तब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह पूरा नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर से संचालित हो रहा है। ठगों ने नोएडा के पॉश इलाके में स्थित गौर सिटी मॉल में एक आलीशान ऑफिस खोल रखा था, जहां से पूरे देश में लोगों को कॉल कर ठगी की जा रही थी।इस ऑफिस को देखकर कोई भी इसे वैध कॉल सेंटर समझ सकता था, लेकिन अंदर से यह एक संगठित साइबर ठगी का अड्डा निकला।
रायपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर दिल्ली में छापेमारी की। इस कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहे थे और कई राज्यों में लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।
इस गिरोह की सबसे खतरनाक चाल थी हाईटेक एप्लीकेशन का इस्तेमाल। आरोपी इन ऐप्स के जरिए अपनी आवाज को महिला की आवाज में बदल लेते थे, जिससे सामने वाला व्यक्ति आसानी से उनके झांसे में आ जाता था। यही वजह है कि कई लोग बिना शक किए अपनी निजी जानकारी और पैसे ठगों को सौंप देते थे।



