छत्तीसगढ़

CG – सड़क हादसे में उजड़ा परिवार : बाइक को रौंदते हुए निकला ट्रेलर, महिला की मौके पर मौत, पति-सास अस्पताल में भर्ती…..

बिलासपुर। सीपत-बलौदा मुख्य मार्ग पर ग्राम कुली के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सुमित्रा बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति सतीराम गोंड़ और सास दुरपति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रेलर लेकर फरार हो गया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

मध्यप्रदेश अनूपपुर जिले के पोड़की निवासी सतीराम गोंड़ (45) रोजी-मजदूरी का काम करता है। बिलासपुर के तालापारा में रहता है। पत्नी सुमित्रा बाई और सास दुरपति को बाइक से ग्राम कुकदा स्थित फैक्ट्री में ड्यूटी छोड़ने जा रहा था। ग्राम कुली मेन रोड पर पवन साहू के मकान के पास पहुंचा था, तभी बलौदा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए। सतीराम की कमर और हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, दुरपति के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई है। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है।

जर्जर सड़क पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका कहना है कि सीपत से बलौदा तक सड़क जगह-जगह से खराब है और गड्डों के कारण दोपहिया वाहन चलाना मुश्किल है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन को कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। जर्जर सड़क के साथ तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।

कोल वाशरी से 24 घंटे भारी वाहनों का दबाव

इस मार्ग पर कोल वाशरियों और उद्योगों के कारण रोजाना सैकड़ों हाइवा और ट्रेलर गुजरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की संख्या और तेज रफ्तार से हादसों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने आबादी वाले हिस्सों में रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, स्पीड लिमिट के बोर्ड लगाने और भारी वाहनों की नियमित स्पीड चेकिंग की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button