छत्तीसगढ़

CG – बच्चों को तैरना सिखाने उतरा पिता, तभी हो गया ये बड़ा हादसा, बेबस देखता रह गया परिवार……

जशपुर। बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तंबाकछार के सखाझरन में तालाब में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक का नाम शोबिंद राम (35 वर्ष), पिता रघु राम बताया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बगीचा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शोबिंद राम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ वन विभाग के तालाब में नहाने गया था। परिवार तालाब के एक किनारे पर मौजूद था, जबकि शोबिंद दूसरी ओर नहा रहा था। इसी दौरान उसने अपने बच्चों से कहा कि वह तैरकर उनके पास आएगा और उन्हें तैरना सिखाएगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शोबिंद जैसे ही तालाब के बीच हिस्से में पहुंचा, अचानक उसकी सांसें फूलने लगीं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, वह गहरे पानी में डूब गया। पत्नी और बच्चे बेबस होकर उसे डूबते देखते रह गए। यह मंजर इतना दर्दनाक था कि मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए।

घटना स्थल पहाड़ी तराई क्षेत्र में स्थित है, जहां तालाब का एक हिस्सा घने जंगलों से घिरा हुआ है। दुर्गम रास्तों और संसाधनों की कमी के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से खोजबीन शुरू की गई।

लगातार प्रयासों के बाद करीब 4 से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button