छत्तीसगढ़धमतरी

CG: रफ्तार का कहर: बस के नीचे फंसा बाइक सवार, 4-5 किमी तक घिसटता रहा; टोल प्लाजा पर सामने आया हादसे का भयावह मंजर..!

Chhattisgarh धमतरी…नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। बालोदगहन के पास यात्री बस और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार युवक बस के नीचे फंस गया और करीब 4 से 5 किलोमीटर तक बस के साथ घिसटता हुआ जगतरा टोल प्लाजा तक पहुंच गया। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, मनीष ट्रेवल्स की यात्री बस रायपुर से कोंटा-सुकमा की ओर जा रही थी। इसी दौरान बालोदगहन के पास बस की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक बस के नीचे फंस गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस घटनास्थल से आगे बढ़ती रही। युवक बस के नीचे फंसा हुआ करीब 4 से 5 किलोमीटर तक घिसटता रहा। हालांकि, बस चालक को इसकी जानकारी हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

बस जब जगतरा टोल प्लाजा के पास रुकी, तब हादसे का भयावह मंजर सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के साथ ही हादसे के कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button