CG – बैलगाड़ी से निकली छत्तीसगढ़ के इस बीजेपी विधायक की बारात, डेप्युटी सीएम बने सारथी, ड्राइवर की बेटी से सामूहिक विवाह सम्मेलन में रचाई शादी…..

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में एक अनोखी और पारंपरिक शादी चर्चा का केंद्र बन गई। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू की बारात आधुनिक तामझाम से दूर बैलगाड़ी में निकाली गई, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। विधायक दीपेश साहू ने सादगी की मिसाल पेश करते हुए आज तरुणा साहू के साथ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हुए सामूहिक विवाह में विवाह के बंधन में बंधे हैं।
सात फेरे लेने से पहले विधायक की बारात बैलगाड़ी में निकली, जिसमें बाराती के तौर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अलावा अन्य मंत्री भी शामिल हुए। बात भले ही सामूहिक विवाह की हो रही है, लेकिन उत्साह पूरे शादी की तरह है, जहां घराती-बाराती पूरे आयोजन में जोशों-खरोश से शामिल हो रहे हैं। आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह समेत छत्तीसगढ़ शासन के अनेक मंत्रीगण भी हुए।
इस समारोह में सभी दूल्हे ई-रिक्शे से सर्किट हाउस तक पहुंचे। इसके बाद विधायक समेत सभी दूल्हों की बारात बैलगाड़ी से निकली। पारंपरिक परी डांस भी हुआ।
दीपेश साहू करीब 10 साल तक सरकारी स्कूल में शिक्षक रहे। इसके बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। भाजपा में शामिल होने के बाद वे पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष समेत कई संगठनात्मक पदों पर रहे। पहली बार वह बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने हैं।
ड्राइवर की बेटी हैं पत्नी
दीपेश साहू की पत्नी बीपीएल परिवार से आती हैं। तरुणा साहू का परिवार मूल रूप से दुर्ग जिले के बिरोदा गांव की रहने वाला है। तरुणा ने MA तक पढ़ाई की है। उनके पिता देवनारायण साहू ड्राइवर हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। उनका परिवार वर्तमान में बेमेतरा में रहता है।



