छत्तीसगढ़

CG-काला बोलने पर मिली सजा ए मौत : फावड़े से हत्या कर पानी में फेंका था शव, ऐसे सुलझी अंधे कत्ल की गुत्थी…..

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के गिधौरी क्षेत्र में घटमड़वा नाला बांधा में मिले 19 वर्षीय युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। आदित्य टंडन की हत्या कर शव पानी में फेंका गया था। शुरुआत में इस अंधे कत्ल की वजह और आरोपी का कोई सुराग नहीं था, लेकिन CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस ने गांव के ही रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:45 बजे सूचना मिली कि गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित बांधा में एक युवक का शव पानी में पड़ा है। सूचना मिलते ही गिधौरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान ग्राम गिधौरी निवासी आदित्य टंडन (19), पिता संतोष टंडन के रूप में हुई। शव के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे। शुरुआती जांच में ही मामला सामान्य मौत के बजाय हत्या का प्रतीत हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया। FSL टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और गिधौरी तथा घटमड़वा इलाके के लोगों से पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 13 नवंबर को दोपहर में आदित्य को किशन साहू के साथ घटमड़वा एनीकट की तरफ जाते देखा गया था। उस समय किशन के हाथ में फावड़े जैसा औजार भी था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने किशन साहू को संदेह के दायरे में लेकर हिरासत में पूछताछ की।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान किशन साहू ने आदित्य की हत्या करना स्वीकार किया। उसके मुताबिक, उसने लोहे के फावड़े से आदित्य के सिर, माथे और आंख के पास वार किए थे। हमले में उसकी मौत होने के बाद शव को बांधा के पानी में फेंक दिया गया था, ताकि घटना का पता न चल सके।

आरोपी के बताए अनुसार पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का फावड़ा और मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया है।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे आरोपी की बहन को लेकर मृतक पर गलत नीयत रखने का संदेह और व्यक्तिगत अपमान की बात सामने आई है। बताया गया कि आदित्य कथित तौर पर किशन को उसकी शारीरिक बनावट को लेकर ‘काला और कुरूप’ कहकर चिढ़ाता था। इन बातों से किशन मानसिक तनाव और गुस्से में था। इसी आवेश में उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आए इन कारणों को आरोपी के बयान और विवेचना के आधार पर देखा जा रहा है। मामले में सभी तथ्यों का न्यायिक परीक्षण होना बाकी है।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गिधौरी टुण्ड्रा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी किशन साहू (19), पिता ईतवारी साहू, निवासी ग्राम गिधौरी को आज गिरफ्तार किया गया। अब उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना गिधौरी पुलिस, FSL टीम और साइबर सेल की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में टीम ने मामले की जांच की।

Related Articles

Back to top button