CG – जहरीले सांपों की निकाली गई अनोखी शोभायात्रा, सैंकड़ों की तादात में शामिल हुए लोग, ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच पूजा-अर्चना कर जंगल में छोड़े गए सर्प…..

राजिम / गरियाबंद। ऋषि पंचमी के अवसर पर राजिम के ग्राम देवरी में जहरीले सांपों की अनोखी शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच सांवरा समाज के लोगों ने सांपों की पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा निकाली। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
बताया जाता है कि ग्राम देवरी स्थित गुरु सांवरा पाठशाला में सालभर सर्पदंश से बचाव और उपचार से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाता है। ऋषि पंचमी के दिन यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों का दीक्षांत समारोह भी आयोजित किया जाता है।
पूजा-अर्चना के बाद सांपों को लेकर शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान समाज के लोग पारंपरिक तरीके से ढोल-नगाड़ों के साथ शामिल हुए। आयोजन के बाद सांपों को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया जाता है। सांवरा समाज के लिए यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सर्प संरक्षण और सर्पदंश से बचाव के प्रति जागरूकता से भी जुड़ा हुआ है।



