छत्तीसगढ़

CG- चोरी का फिल्मी प्लान फेल! शरीर पर 49 किलो कॉपर वायर लपेटकर प्लांट से निकल रहे थे दो युवक, गेट पर खुल गई पोल…..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित बालको प्लांट में कॉपर वायर चोरी करने का अनोखा तरीका अपनाने वाले दो युवकों की चालाकी धरी रह गई। दोनों युवक करीब 49 किलो कॉपर वायर अपने शरीर पर लपेटकर कपड़ों के अंदर छिपाए हुए थे। इसके बाद वे बिना किसी की नजर में आए प्लांट से बाहर निकलने की फिराक में थे। लेकिन गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता ने उनका पूरा खेल बिगाड़ दिया। संदेह होने पर दोनों की तलाशी ली गई, जिसमें शरीर पर छिपाकर रखा गया 49 किलो कॉपर वायर बरामद हो गया। इस तरह चोरी की कोशिश नाकाम हो गई।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवकों ने कॉपर वायर को शरीर पर इस तरह लपेट रखा था कि वह सामान्य कपड़ों के भीतर छिपा रहे। लेकिन बाहर निकलते समय उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर सुरक्षा कर्मियों ने जांच की। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में कॉपर वायर बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 49.280 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है। इसके अलावा वायर काटने में इस्तेमाल होने वाला कटर और अन्य औजार भी जब्त किए गए हैं। जब्त कॉपर वायर की अनुमानित कीमत करीब 49,280 रुपये बताई गई है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान भीम मल्लाह (23 वर्ष) और नरेश कुमार कंवर (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

बालको प्लांट में चोरी की इस कोशिश का खुलासा सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता के चलते हुआ। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button