छत्तीसगढ़

CG- चोरों का कहर… रिटायर्ड फौजी और बैंक कर्मी के सूने मकानों से 4.50 लाख की चोरी, कॉलोनी में मची दहशत, जांच में जुटी पुलिस…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित अभिषेक विहार फेस-2 कॉलोनी में चोरों ने दो सूने मकानों में धावा बोला है। सेवा के रिटायर्ड जवान के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 4.50 लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी। वहीं एक बैंक कर्मी के यहां भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी शैलेश शुक्ल सेवानिवृत्त आर्मी ऑफिसर हैं। वह 19 फरवरी को परिवार सहित बलौदाबाजार में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने गए थे। 21 फरवरी को जब वे वापस लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी तोड़ी गई थी। चोर घर से सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित के अनुसार कुल मिलाकर लगभग 4.50 लाख रुपये की चोरी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं कॉलोनी के रहवासियों ने रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

उसलापुर मार्ग पर मिले जेवर के खाली डिब्बे

शैलेश के घर के सामने स्थित बैंक कर्मी अंकित श्रीवास के यहां भी चोरी हुई थी। पुलिस ने फोन पर उसे सूचना दी। लौटने पर अंकित ने बताया कि वह फील्ड विजिट पर कोटा गया था और रात वहीं रुका था। जानकारी के मुताबिक आरोपी एक्टिवा से पहुंचे थे। वारदात के बाद वे उसलापुर स्टेशन मार्ग से भाग निकले। रास्ते में जेवर के पाउच और खाली डिब्बे फेंक दिए, जिन्हें पुलिस ने बरामद किया।

बैंक लॉकर में होने से बचे कीमती जेवर

रिटायर्ड आर्मी जवान शैलेश ने अधिकांश कीमती जेवर बैंक लॉकर में रखे थे, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। उनके घर से करीब एक लाख रुपए नकद और दो लाख रुपए के जेवर चोरी हुए। वहीं बैंककर्मी के घर से जेवर और नकदी सहित करीब 50 हजार रुपए से अधिक का सामान चोरी हुआ है।

थाने का क्षेत्रफल बड़ा इसलिए रात में एक राउंड लगाती है पेट्रोलिंग

सिविल लाइन थाना क्षेत्र बड़ा होने से पेट्रोलिंग टीम रात में एक ही राउंड लगाती है। टीम के जाते ही चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पिछले ढाई महीनों में क्षेत्र में लगातार चोरियां हुई हैं। मंगला चौक स्थित ज्वेलरी शॉप में भी हाल में चोरी हुई थी, जहां दो जवानों की मुस्तैदी से आरोपी पकड़े गए थे। अन्य दर्जनभर मामलों में अब तक सफलता नहीं मिली है। मंगला थाना को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन राजपत्र में प्रकाशन न होने से अब तक शुरू नहीं हो सका। एसएसपी की ओर से चौकी खोलने की तैयारी भी दो साल से लंबित है।

Related Articles

Back to top button