CG – बिना डॉक्टर के चल रहा था छत्तीसगढ़ का ये अस्पताल, जांच में हुए कई चौंकाने वाले खुलासे…..

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के छुरा स्थित श्री संकल्प छत्तीसगढ़ अस्पताल पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। जांच के बाद ये कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में बिना विशेषज्ञ डॉक्टरों के मरीजों का इलाज किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि अस्पताल द्वारा बिना अनुमति आईसीयू, एचडीयू और सिटी स्कैन जैसी सुविधाओं का संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा सामान्य बीमारी को गंभीर बताकर आयुष्मान कार्ड के जरिए करोड़ों रुपए की राशि निकाले जाने के आरोप भी पाए गए हैं।
मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद जिला स्तरीय जांच टीम ने अस्पताल की जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रशासन ने अस्पताल को 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया। साथ ही अस्पताल का आयुष्मान कार्ड पंजीयन निलंबित करने की अनुशंसा भी राज्य शासन को भेजी गई है।



