छत्तीसगढ़

CG- दर्दनाक हादसा: छत्तीसगढ़ में देर रात दो कच्चे मकान ढहे, मलबे में दबने से महिला की मौत; 4 लोग घायल…..

रायगढ़/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में देर रात अलग-अलग जिलों में दो हादसे हुए हैं। रायगढ़ में कच्चा मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि गरियाबंद में सोते परिवार पर मकान गिरने से चार लोग घायल हो गए।

तीन लोगों पर गिरा कच्चा मकान

पहली घटना पुसौर ब्लॉक के नंदेली गांव की है, जहां देर रात करीब 3 बजे कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में रोहिणी महंत (40), रतन महंत (42) और उनके 13 वर्षीय बेटे शिवम महंत मलबे में दबकर घायल हो गए।

महिला की मौत, दो का इलाज जारी

जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने परिवार को मलबे से बाहर निकाला और पुसौर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल रोहिणी महंत को डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। रतन और शिवम का इलाज जारी है।

सो रहे परिवार पर गिरा मकान

दूसरी घटना मैनपुर ब्लॉक के राजापड़ाव क्षेत्र अंतर्गत गौरगांव में हुई है, जहां आधी रात सो रहे परिवार पर मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में परिवार के चार लोग घायल हो गए। मकान गिरने के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।

बाढ़ ने बढ़ाई परेशानी

वहीं बाढ़ के कारण घायलों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन गया, जिसके बाद 112 की टीम की मदद से खाट के सहारे नदी पार कराकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मैनपुर से जिला अस्पताल रेफर किया गया।

Related Articles

Back to top button