छत्तीसगढ़

CG: जंगल में एयर गन लेकर घूम रहे थे दो युवक, वन विभाग ने रोका तो सामने आई ऐसी सच्चाई… रह गए हैरान!

रायगढ़। वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के बीच रायगढ़ में पक्षियों के शिकार का मामला सामने आया है। रायगढ़ वन मंडल की उड़नदस्ता टीम ने महापल्ली गांव के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ा है। दोनों युवक एयर गन लेकर जंगल में घूम रहे थे।

वन विभाग की टीम ने तलाशी ली तो उनके कब्जे से एयर गन, गोलियां और तीन मृत पक्षी बरामद हुए। बरामद पक्षियों में पड़की और टिटहरी शामिल हैं। वन विभाग ने दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन विभाग के अनुसार, वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि महापल्ली क्षेत्र में दो युवक एयर गन लेकर पक्षियों का शिकार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही रायगढ़ वन मंडल की उड़नदस्ता टीम मौके के लिए रवाना हुई।

टीम ने महापल्ली रोड पर दो युवकों को एयर गन लेकर शिकार करते देखा। वनकर्मियों ने उन्हें रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से एयर गन, गोलियां और तीन मृत पक्षी बरामद हुए। वन अमले ने सभी सामान जब्त कर लिया।

पकड़े गए युवकों की पहचान उद्धव राठिया (28) और दया सागर निषाद (20), निवासी महापल्ली के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर वन विभाग की टीम पूछताछ कर रही है। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button