छत्तीसगढ़

CG तंत्र-मंत्र का अनोखा खेल : बोला – दिया बुझने तक पीछे मत देखना, चमत्कारी शक्तियों से पलक झपकते ही दोगुनी होगी रकम, फिर जो हुआ…..

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पैसे दोगुने करने के नाम पर तांत्रिकों ने युवक से दो लाख रुपये ऐंठ लिए और मौके से रफूचक्कर हो गए। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पूरा मामला बेमेतरा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भुरकी का है। पीड़ित दीपक कुमार टंडन ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात मुंगेली जिले के ग्राम गाड़ाघाट निवासी मोहित वर्मा से हुई थी। बातचीत के दौरान मोहित ने दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र और चमत्कारी शक्तियों से किसी भी रकम को पलक झपकते ही दोगुना कर सकता है। पीड़ित को पूरी तरह अपने जाल में फंसाने के लिए मोहित ने उसकी बातचीत पामगढ़ निवासी डीएस सम्राट नाम के एक अन्य कथित तांत्रिक से भी करवाई। करीब दो वर्षों तक दोनों आरोपी पीड़ित से लगातार बातचीत कर उसका भरोसा जीतते रहे।

जब पीड़ित को आरोपियों पर पूरी तरह भरोसा हो गया, तो ठगों ने अपनी साजिश को अंजाम दिया। मोहित वर्मा और डीएस सम्राट पीड़ित दीपक के गांव भुरकी पहुंचे। आरोपियों ने गांव के एक सूने बोर बारी (खेत/बाड़ी) में तांत्रिक क्रिया शुरू की।

आरोपियों ने दीपक से दो लाख रुपये नकद लिए और पूजा पर रख दिए। इसके बाद उन्होंने दीपक को कुछ दूरी पर जाने को कहा और सख्त हिदायत दी कि “जब तक सामने रखा दिया बुझ नहीं जाता, तब तक पीछे मुड़कर मत देखना, वरना अनहोनी हो जाएगी।”

अंधविश्वास के खौफ में पीड़ित काफी देर तक दूर खड़ा रहा। लेकिन जब लंबे समय तक कोई हलचल नहीं हुई और वह वापस पूजा वाले स्थान पर लौटा, तो उसके होश उड़ गए। वहां न तो पैसे थे और न ही दोनों कथित तांत्रिक। तब जाकर पीड़ित को समझ आया कि वह अंधविश्वास के चक्कर में अपनी गाढ़ी कमाई गंवा चुका है।

ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित दीपक कुमार टंडन तुरंत सिटी कोतवाली थाना पहुंचा और दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button