छत्तीसगढ़

CG Weather Update : प्रचंड चक्रवाती तूफान बनने की राह पर ‘अर्नब’, बस्तर में शुरू हुई हलचल, बारिश को लेकर बढ़ी चिंता…..

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पूर्व-मध्य और उससे लगे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब लगातार मजबूत हो रहा है। इसके गहरे होकर शक्तिशाली चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई जा रही है। इस मौसमी सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है। संभावित चक्रवात का नाम ‘अर्नब’ बताया जा रहा है। ऐसे में प्रदेश के मौसम पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ में मौसम की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, मौसम प्रणाली में बदलाव का असर बस्तर संभाग में भी नजर आने लगा है। जगदलपुर सहित आसपास के इलाकों में हल्की हवाएं चल रही हैं, हालांकि फिलहाल आसमान में बादलों की आवाजाही दिखाई नहीं दे रही है।

छत्तीसगढ़ में 27 से 29 अक्टूबर तक वर्षा का अलर्ट

आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में लैंडफॉल के बाद इस शक्तिशाली चक्रवात का सीधा प्रभाव छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ेगा। चक्रवात के कारण समुद्र से आने वाली भारी नमी मध्य भारत की ओर बढ़ेगी। इसके चलते 27 अक्टूबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में घने बादल छाने लगेंगे और हल्की से मध्यम वर्षा की शुरुआत होगी। इसके बाद 28 और 29 अक्टूबर को तूफान का सीधा असर दक्षिणी छत्तीसगढ़ के बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर जिलों में देखने को मिलेगा।

रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग में भी रहेगा असर
इसके अलावा रायपुर, गरियाबंद, धमतरी और दुर्ग जिलों में भी तेज अंधड़ के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

धान की फसल को भारी नुकसान की आशंका

अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में होने वाली यह असमय वर्षा राज्य के किसानों के लिए एक गंभीर संकट बन सकती है। इस समय प्रदेश के अधिकांश मैदानी इलाकों में धान की फसल पक चुकी है और कई क्षेत्रों में कटाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, तेज आंधी और भारी वर्षा से खेतों में खड़ी पकी फसल गिर सकती है, जिससे दानों के झड़ने और पानी में डूबकर खराब होने का खतरा है।

आपदा प्रबंधन और प्रशासनिक तंत्र सतर्क

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। बस्तर और रायपुर संभाग के जिला कलेक्टरों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन दलों को स्टैंडबाय पर रखा गया है और जिला मुख्यालयों में 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं। बिजली विभाग और नगरीय निकायों को जलभराव व आपूर्ति बाधित होने पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश मिले हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और आधिकारिक सूचनाओं पर ही ध्यान दें।

चक्रवाती तूफान की चाल और तट पार करने का समय

मौसम बुलेटिन और उपग्रह चित्रों के अनुसार, 24 अक्टूबर को बना अवदाब 25 अक्टूबर को गहन अवदाब में तब्दील होकर पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ेगा। 26 अक्टूबर की सुबह यह चक्रवाती तूफान तथा 27 अक्टूबर की सुबह तक प्रचंड चक्रवाती तूफान बन जाएगा। 28 अक्टूबर की सुबह यह प्रणाली अति प्रचंड चक्रवाती तूफान बनकर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचेगी और दोपहर तक बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश तट पार करेगी। इस दौरान तटीय इलाकों में 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी, जो झोंकों में 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

Related Articles

Back to top button