CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज! बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम सक्रिय, इन इलाकों में भारी बारिश के आसार….

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मानसून द्रोणिका अपनी सामान्य स्थिति में लौट आई है और बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी तंत्र बन गया है, जिसकी वजह से लगभग पूरे प्रदेशभर में गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिलेगी।
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, 48 घंटे तक कई जिलों में असर
रायपुर मौसम केंद्र ने 8 अगस्त 2026 को दोपहर 1:30 बजे जारी चेतावनी में छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट
भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना वाले 4 जिले—
सरगुजा, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कोरबा।
भारी बारिश की संभावना वाले 13 जिले—
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर।

नया मौसमी तंत्र का असर
मौसम विभाग के अनुसार, नया मौसमी तंत्र के और अधिक प्रबल होकर ‘निम्न दाब के क्षेत्र’ में बदलने और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। यह तंत्र उत्तर ओडिशा, झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर अग्रसर होगा, जिसके प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में वर्षा का मुख्य क्षेत्र रहने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी वर्षा हो सकती है। भारी वर्षा का मुख्य क्षेत्र रायगढ़ जिला और उससे लगे जशपुर, सक्ती, कोरबा और सारंगढ़ जिले संभावित हैं। प्रदेश के बाकी स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम ?
राजधानी में आसमान, दिनभर बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। बादल छाए रहने के बावजूद पर्याप्त बारिश न होने के कारण प्रदेशवासियों को उमस भरी चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
तेज हवा चलने का अलर्ट
बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और मुंगेली में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह राजधानी रायपुर में भी 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
कैसा रहा तापमान ?
रायपुर में अधिकतम तापमान 29.7°C (सामान्य) और न्यूनतम तापमान 27°C (सामान्य से 2.7°C अधिक) दर्ज किया गया। दुर्ग प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.2°C दर्ज हुआ। पेंड्रा में सबसे कम तापमान 22°C दर्ज किया गया।


