CG – शिकार के लिए बिछाए करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, सागौन नर्सरी में इस वजह से घुसा था युवक, साथी भी झुलसा……

सरगुजा। उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट मूसाखोल नर्सरी में जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक को बचाने के दौरान उसका साथी भी झुलस गया। पुलिस ने सुबह शव बरामद किया। मौके से जीआई तार की जब्ती भी पुलिस ने बनाई है। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है।
मुर्ताडांड निवासी मिश्रा यादव (37) अपने साले और दो ग्रामीणों के साथ लकड़ी चोरी करने मूसाखोल के सागौन नर्सरी में गया था। मिश्रा यादव जंगल में बिछाए गए तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह गिर गया और छटपटाने लगा। साले ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन करंट लगने से उसे जोर का झटका लगा। मिश्रा यादव की मौके पर मौत हो गई।
घटना के बाद मिश्रा यादव के साथ गए तीनों युवक वापस। लौटकर घटना की जानकारी कमलेश्वरपुर थाने को दी। बुधवार सुबह थाना प्रभारी मनोज प्रजापति की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मेन लाइन की सप्लाई कटवाकर शव को बरामद किया। पुलिस ने जंगल में हाई वोल्टेज तार से जोड़कर शिकार के लिए बिछाए गए जीआई तार को जब्त किया है। तार में फंसकर एक सियार की भी मौत हो गई थी। सियार के शव को वनकर्मियों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि, जंगली जानवरों के शिकार के लिए जीआई तार बिछाकर तार को 11 केवी की सप्लाई लाइन से जोड़ा गया था। इससे तार के संपर्क में आते ही मिश्रा यादव को बिजली का झटका लगा और उसकी तत्काल मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक पेशे से ड्राइवर था। वह अपना नया घर बनवा रहा था। घर के लिए लकड़ी लेने के इरादे से सागौन नर्सरी में घुसा था और हादसा हो गया। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज किया है। पुलिस करंट लगाने वालों की तलाश कर रही है। माना जा रहा है कि जंगली सूअर के शिकार के लिए ही करंट बिछाया गया था।



