Chhattisgarh Liquor Scam : शराब घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की करोड़ों की संपत्ति कब्जे में लिया…..

दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के सबसे चर्चित शराब घोटाला मामले में ED ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की 26 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की रियल एस्टेट परियोजना को अपने कब्जे में ले लिया है। कॉलोनी के मुख्य गेट पर ED ने नोटिस चस्पा किया है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य में करोड़ों रुपये के कथित शराब घोटाले के सिलसिले में की गई है।नक्शे देखें
केंद्रीय एजेंसी के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने दुर्ग जिले के जांगिरी गांव में स्थित विट्ठल ग्रीन्स परियोजना में एक बोर्ड लगाकर और आदेश की प्रति चिपकाकर यह प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों के अनुसार चैतन्य बघेल ने अपने स्वामित्व वाली कंपनी बघेल डेवलपर्स के जरिए इस परियोजना को विकसित किया था। कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं, जिनमें 30 पहले ही बिक चुके हैं। बिक चुके 30 प्लॉट को कार्रवाई से अलग रखा गया है।
धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत संपत्ति पर कब्जा लेने से अदालत में मुकदमे की सुनवाई के दौरान उसे कुर्क रखने की व्यवस्था लागू रहती है, लेकिन इससे संपत्ति का स्वामित्व सरकार को हस्तांतरित नहीं होता। यदि मुकदमे में कोई दोषी पाया जाता है, तो एजेंसी केंद्र सरकार की ओर से उस संपत्ति को जब्त कर लेती है।
भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) का कहना है कि उन्होंने और उनके परिवार ने कुछ भी गलत नहीं किया है तथा भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार उन्हें निशाना बना रही है। एजेंसी ने चैतन्य बघेल के खिलाफ कार्रवाई के तहत नवंबर 2025 में इस संपत्ति के साथ अन्य परिसंपत्तियों को भी अस्थायी रूप से कुर्क किया था। इन सभी संपत्तियों का कुल मूल्य 61.2 करोड़ रुपये है।
अधिकारियों ने बताया कि पीएमएलए के निर्णायक प्राधिकरण ने मार्च में इस अस्थायी आदेश की पुष्टि कर दी थी, जिसके बाद ईडी ने विट्ठल ग्रीन्स को अपने कब्जे में ले लिया। इस परियोजना में कई आवासीय भूखंड शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि कथित घोटाले से अर्जित 18.9 करोड़ रुपये की राशि रियल एस्टेट परियोजना में लगाई गई थी। ईडी ने इस परियोजना का मूल्य 26.43 करोड़ रुपये आंका है, जिसमें जमीन का मूल्य 9.49 करोड़ रुपये और विकास कार्यों की लागत 16.95 करोड़ रुपये है।
ईडी ने जुलाई 2025 में भूपेश बघेल के उस आवास पर छापेमारी के बाद चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया था, जहां वह रहते थे। एजेंसी ने पिछले साल सितंबर में उनके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।



