Chhattisgarh Rain Alert: मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, 18 जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली का अलर्ट,जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…

डेस्क : छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से अगले 24 घंटे तक प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के चेतावनी मानचित्र के अनुसार, सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, बारिश और अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
इन इलाकों में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की जरूरत है।
अगले 24 घंटे में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना है। दो दिनों के बाद भी प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।



