CG – पेण्ड्रारोड में नवनिर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा नें किया वर्चुअल लोकार्पण न्यायिक अधोसंरचना को मजबूत बनाने पर दिया जोर पढ़े पूरी ख़बर
पेण्ड्रारोड//छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने गुरुवार को पेण्ड्रारोड स्थित सिविल कोर्ट परिसर में नवनिर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं पोर्टफोलियो जज न्यायमूर्ति रजनीश कुमार अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
77.17 लाख की लागत से बना आधुनिक भवन…
करीब 77.17 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन में 2 सुसज्जित कोर्ट रूम, पीठासीन अधिकारियों के लिए विश्राम कक्ष और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। नए भवन के शुरू होने से पेण्ड्रारोड में न्यायिक कार्यों के संचालन में और अधिक सुविधा मिलेगी और लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आएगी।
न्यायालय भवन न्याय व्यवस्था को प्रभावी बनाने का माध्यम…
लोकार्पण के बाद अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने कहा कि राज्य में न्यायिक अधोसंरचना का निरंतर विस्तार हो रहा है। न्यायालय भवन केवल एक संरचना नहीं है, बल्कि न्याय व्यवस्था को प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आम नागरिकों को त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
साथ ही उन्होंने न्यायपालिका के सुदृढ़ीकरण, आधुनिक तकनीक के समावेश तथा भवन निर्माण एवं नवीनीकरण में सहयोग के लिए राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की सराहना की।
न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता हुए शामिल…
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर के स्वागत उद्बोधन से हुआ। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिकारी, जिला न्यायालय बिलासपुर एवं पेण्ड्रारोड के न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालयीन कर्मचारी तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े।




