नेशनल स्पेस डे पर कवर्धा में,स्पेस ऑन व्हील्स” की अनोखी प्रदर्शनी,उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे शुभारंभ

कवर्धा/भारत की अंतरिक्ष वैज्ञानिक उपलब्धियों को जनमानस विशेषकर विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 30 जुलाई को नेशनल स्पेस डे के अवसर पर शासकीय पी.जी. कॉलेज,कवर्धा में एक विशेष विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा प्रातः 8:00 बजे अपने करकमलों से करेंगे।
स्पेस ऑन व्हील्स, शीर्षक से आयोजित यह प्रदर्शनी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) द्वारा संचालित मोबाइल अंतरिक्ष प्रयोगशाला है, जो अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है। इसमें विद्यार्थियों को वर्चुअल स्पेस अनुभव, 3D डिस्प्ले, इंटरएक्टिव मॉडल्स और भारत के प्रमुख अंतरिक्ष अभियानों की झलकियां देखने को मिलेंगी।
इस अवसर पर इसरो के विशेषज्ञ वैज्ञानिकों की भी उपस्थिति रहेगी, जो बच्चों से सीधा संवाद करेंगे और अंतरिक्ष विज्ञान की गहराइयों को सरल भाषा में समझाएंगे। छात्र-छात्राएं अपने सवाल भी इन विशेषज्ञों से सीधे पूछ सकेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन साइंस क्लब, पी.जी. कॉलेज कवर्धा द्वारा किया जा रहा है। इसमें जिलेभर के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग और स्पेस क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को न केवल अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी मिलेगी, बल्कि उन्हें वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान के प्रति भी प्रेरणा मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से यह आयोजन संभव हो सका है। उनका स्पष्ट उद्देश्य है कि ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों के विद्यार्थी भी देश की वैज्ञानिक यात्रा का हिस्सा बनें, विज्ञान को समझें और भविष्य के नवाचारी वैज्ञानिक बनने की दिशा में अग्रसर हों।
इस अवसर पर शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति भी अपेक्षित है।