धमतरी

नगरी के माहेश्वर नाग बने एसपी, अंचल से इस पद तक पहुंचने वाले पहले अधिकारी

जवाहर नवोदय से शुरू हुआ सफर, 23 साल की उम्र में बने थे CISF सब-इंस्पेक्टर; अब माना पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में मिली एसपी की जिम्मेदारी।

धमतरी जिले के नगरी अंचल के लिए गर्व का क्षण है। ग्राम नगरी के निवासी माहेश्वर नाग पुलिस विभाग में पदोन्नत होकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) बने हैं। वे नगरी अंचल से इस पद तक पहुंचने वाले पहले अधिकारी हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र और साहू समाज में हर्ष का माहौल है। साल 1979 में ग्राम नगरी में जन्मे माहेश्वर नाग बचपन से ही प्रतिभाशाली छात्र रहे। कक्षा पांचवीं में उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, माना कैंप में हुआ। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने छत्तीसगढ़ कॉलेज, रायपुर से बीएससी तथा विश्वविद्यालय से एंथ्रोपोलॉजी में एमएससी की पढ़ाई पूरी की। महज 23 वर्ष की आयु में उन्होंने एसएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में सब-इंस्पेक्टर के पद पर चयन प्राप्त किया। हैदराबाद और उदयपुर में सेवाएं देने के दौरान उन्होंने वर्ष 2007 में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर चयन हासिल किया।

अपने पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने एसडीओपी अंबागढ़ चौकी, सीएसपी दल्लीराजहरा, एसडीओपी भानुप्रतापपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कोंडागांव, कवर्धा, एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर, रायगढ़, सारंगढ़ और बस्तर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। बस्तर में पदस्थापना के दौरान उन्हें पदोन्नति मिली और वर्तमान में वे माना पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में कार्यरत हैं। माहेश्वर नाग के पिता अमृत लाल नाग तथा माता तुलसी देवी नाग हैं। उनके बड़े भाई रुद्रप्रताप नाग ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। परिवार के साथ-साथ पूरे नगरी अंचल और साहू समाज में खुशी का माहौल है।

खेल, संगीत और लेखन में भी रखते हैं विशेष रुचि

प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ माहेश्वर नाग की रुचि फुटबॉल खेलने, जिम जाने, गायन और फिल्मों की कहानी लेखन में भी है। यातायात जागरूकता पर बनाई गई उनकी लघु फिल्म को राष्ट्रीय शॉर्ट फिल्म फेयर अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button