छत्तीसगढ़बेमेतरा जिला

चेतना विकास मूल्य शिक्षा कार्यशाला से जेल का वातावरण हुआ सकारात्मक…पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल बोले– अपराध से घृणा करें, अपराधी से नहीं..सुधार का अवसर देना समाज की जिम्मेदारी

20 दिवसीय कार्यशाला में 50 से अधिक बंदियों ने दिया लिखित फीडबैक, 80 प्रतिशत ने परिवार सहित कार्यशाला से जुड़ने की जताई इच्छा

चेतना विकास मूल्य शिक्षा कार्यशाला से जेल का वातावरण हुआ सकारात्मक…पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल बोले– अपराध से घृणा करें, अपराधी से नहीं..सुधार का अवसर देना समाज की जिम्मेदारी….20 दिवसीय कार्यशाला में 50 से अधिक बंदियों ने दिया लिखित फीडबैक, 80 प्रतिशत ने परिवार सहित कार्यशाला से जुड़ने की जताई इच्छा

संजू जैन जिला संवाददाता बेमेतरा
7000885784

बेमेतरा:जिला जेल बेमेतरा में अक्टूबर माह से संचालित 20 दिवसीय ‘चेतना विकास मूल्य शिक्षा कार्यशाला’ का गरिमामय समापन हुआ। समाधान महाविद्यालय, बेमेतरा द्वारा जेल अधीक्षक श्री राहुल पांडेय के मार्गदर्शन एवं सहमति से आयोजित इस कार्यशाला का संचालन महाविद्यालय के संचालक एवं प्राचार्य डॉ. अवधेश पटेल ने किया। 20 दिनों में कुल 40 घंटे के सत्र आयोजित हुए, जिनमें विचाराधीन बंदियों को नौ समूहों में विभाजित कर संवाद एवं परिचर्चा के माध्यम से जीवन को समझने का अवसर दिया गया। लगभग 60 से 70 प्रतिशत बंदियों ने नियमित रूप से उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल ने बंदियों के लिखित एवं मौखिक अनुभव सुनकर कार्यशाला की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में यह भावना विकसित होनी चाहिए कि अपराध से घृणा करें, अपराधी से नहीं। जेल से बाहर निकलकर जीवन सुधारने की इच्छा रखने वाले व्यक्तियों को समाज सकारात्मक वातावरण और दूसरा अवसर प्रदान करे। उन्होंने कहा कि एक भी बंदी के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आना कार्यशाला की सार्थकता है, जबकि यहां अधिकांश बंदियों में बदलाव की शुरुआत दिखाई देना प्रशंसनीय है।

मानव तीर्थ, किरीतपुर से डॉ. साधन भट्टाचार्य ने कहा कि कार्यशाला में किसी व्यक्ति, महापुरुष अथवा धार्मिक आस्था की चर्चा नहीं, बल्कि जीवन को समझकर प्रकृति के सार्वभौम नियमों के अनुरूप सही ढंग से जीने की बात हुई है। मानवीय शिक्षा शोध संस्थान, अभ्युदय संस्थान, अछोटी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. संकेत ठाकुर ने बंदियों के सकारात्मक अनुभवों को उत्साहवर्धक बताया। स्वराज्य परिसर, बेमेतरा से कल्पेश वरु ने कहा कि शिक्षा के मानवीकरण से व्यक्ति स्वयं में विश्वास और संबंधों में विश्वास के साथ समाधान, समृद्धि एवं अभयपूर्ण जीवन जी सकता है।

जेल अधीक्षक श्री राहुल पांडेय ने समाधान महाविद्यालय की टीम के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं दो सत्रों में सहभागिता की तथा कई बंदियों से बातचीत कर उनके सकारात्मक अनुभव सुने। उन्होंने माना कि इस प्रकार की शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति के जीवन के लिए आवश्यक है। साथ ही जेलों में सकारात्मक कार्यशालाओं के आयोजन की पहल के लिए जेल डीजीपी श्री हिमांशु गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यशाला के मूल्यांकन में 50 से अधिक बंदियों ने लिखित फीडबैक दिया, जबकि 14 बंदियों ने मंच से अपने अनुभव साझा किए। लगभग 80 प्रतिशत बंदियों ने जेल से बाहर निकलने के बाद परिवार सहित स्वेच्छा से कार्यशाला से जुड़ने की इच्छा जताई। एक बंदी ने कहा, “अब मैं ऐसा कोई काम नहीं करूंगा जिससे मुझे दोबारा जेल आना पड़े।” एक अन्य बंदी ने परिवार की जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया। एक बंदी ने बताया कि कार्यशाला से उसका गुस्सा आधे से अधिक कम हुआ है। एक अन्य ने कहा कि अब उसे समझ आया है कि पैसे से बड़ा संबंध और संबंध से बड़ी समझ है।

कार्यशाला के प्रभाव का भावुक उदाहरण तब सामने आया, जब समापन से एक दिन पहले रिहा हुए एक बंदी ने जेल अधीक्षक से एक दिन और रुकने का अनुरोध किया, ताकि वह समापन समारोह में अपना अनुभव साझा कर सके। हालांकि कानूनी प्रक्रिया के कारण उसे रिहा करना अनिवार्य था।

जेल शिक्षक श्री खूंटे ने कहा कि कार्यशाला उनके लिए भी अत्यंत सकारात्मक अनुभव रही। बंदियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से जेल में सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है।

कार्यशाला में स्वयं, परिवार, समाज, प्रकृति एवं अस्तित्व में व्यवस्था के सार्वभौम सिद्धांतों को दैनिक जीवन के उदाहरणों से समझाया गया। इसका उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति में सही समझ, संबंधों में विश्वास और सुखपूर्वक जीने की क्षमता विकसित करना रहा।

समापन समारोह में लेफ्टिनेंट राहुल वर्मा, देवरबीजा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आई.पी. दिनकर, समाधान महाविद्यालय के एडमिन उमेश राजपूत, उपप्राचार्य लक्ष्मी नारायण साहू तथा बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. जी.डी. मानिकपुरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button