ऐतिहासिक कर्णेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब….

छत्तीसगढ़ धमतरी…कर्णेश्वर महादेव मंदिर देऊरपारा सिहावा में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर की पहली किरण के साथ ही “हर-हर महादेव” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा और पूरा वातावरण शिवमय हो गया…
श्रद्धालु दूर-दूर से भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। लंबी कतारों में खड़े भक्तों के चेहरे पर अपार श्रद्धा और उत्साह साफ झलक रहा था। बेलपत्र, धतूरा, दूध और गंगाजल अर्पित कर भक्तों ने सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया था, जिससे इसकी भव्यता और भी बढ़ गई।

मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी अध्यक्ष विकल गुप्ता, उपाध्यक्ष रवि ठाकुर,रवि दुबे,सचिव भरत निर्मल कर, कोषाध्यक्ष निकेश ठाकुर, सहसचिव रामभरोस,मोहन पुजारी, नागेन्द्र शुक्ला, गगन नाहटा, महेंद्र कौशल सुबह से ही व्यवस्थाओं में जुटे रहे। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कतारें बनाई गईं और वहीं सिहावा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित रखा। पुलिस बल की मुस्तैदी से पूरे आयोजन में अनुशासन और शांति बनी रही..
महाशिवरात्रि के अवसर पर दिनभर विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान शिव का स्मरण किया और देर रात तक मंदिर में भक्तिमय माहौल बना रहा।आस्था, उत्साह और अनुशासन का अद्भुत संगम इस वर्ष की महाशिवरात्रि पर कर्णेश्वर महादेव मंदिर में देखने को मिला, जिसने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि शिवभक्ति की शक्ति लोगों को एक सूत्र में बांध देती है।