CG-3 महिलाओं की मौत: दशगात्र कार्यक्रम से लौटने से पहले घर में छाया मातम! 3 महिलाओं की मौत, 6 घायल, ऐसे हुए हादसे के शिकार……

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं घायल हो गईं। हादसा पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा में हुआ, जहां दशगात्र कार्यक्रम से लौट रही महिलाओं से भरे ऑटो को तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सांवारावा के पास एक पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50 वर्ष), रामबाई पति रामकुमार (60 वर्ष) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं करहीपारा छिंदिया की निवासी थीं।
घटना के बाद घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छह घायल महिलाओं का उपचार जारी है।
फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।



