CG- 4 की मौत : पानी में समा गईं चार जिंदगियां! तीन नाबालिग समेत 4 की मौत, गांव में पसरा मातम……

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नदी में नहाने गए चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन नाबालिग और एक युवक शामिल है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक साथ चार लोगों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, ये पूरा मामला सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के सरस्वतीपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि चारों मृतक शुक्रवार को भी नदी में घुमने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान मोबाइल से रिकाॅर्ड कर वीडियो भी बनाये थे। आज सुबह चारों फिर से नदी पहुंचे और अपने साथ दो झोला में कपड़े भी लेकर आए थे।
नहाने के लिए सभी नदी में उतरे और फिर एक के बाद एक चारों गहरे पानी में समा गए। घटना की जानकारी जैसे ही आसपास मौजूद ग्रामीणों को हुई तो हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। विश्रामपुर पुलिस व गोताखोर की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया।
कुछ ही घंटों की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने चारों के शव को गहरे पानी से निकाल लिया। जांच में पता चला हैं कि मृतकों में दो बच्चे अपनी मौसी के घर सरस्वतीपुर आए थे। इसी दौरान गांव के ही एक ग्रामीण और एक नाबालिग के साथ आज सुबह नहाने के लिए पहुंचे थे।
नहाने के दौरान चारों को गहराई का अंदाजा नहीं था और चारों डूब गए। चारों के शव को बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, एक साथ चार-चार शव मिलने पर पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।



