अन्य ख़बरें

दीपावली पर सांकरा के नंदी चौक में जुआ खिलाने पर रोक लगाने की मांग, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन..!

खड़खड़िया और ताश के जरिए जुआ संचालित होने से बिगड़ रहा माहौल, महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

धमतरी। दीपावली पर्व के दौरान ग्राम सांकरा के नंदी चौक में खड़खड़िया और ताश के जरिए जुआ खिलाए जाने की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग तेज हो गई है। सार्वजनिक स्थान पर जुए के आयोजन से उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर नंदी सेवा समिति और ग्रामीणों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, 10 हजार से अधिक आबादी वाला ग्राम सांकरा आसपास के कई गांवों के लिए प्रमुख व्यापारिक एवं आवागमन का केंद्र है। गांव का नंदी चौक सबसे व्यस्त सार्वजनिक स्थलों में शामिल है। आरोप है कि दीपावली के दौरान यहां खड़खड़िया और ताश के माध्यम से जुआ खिलाया जाता है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जुए में शामिल कुछ लोगों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। विरोध करने पर आसपास के दुकानदारों के साथ भी दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायतें सामने आती हैं। इससे क्षेत्र का सामाजिक और व्यावसायिक वातावरण प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

ग्रामीणों ने नंदी चौक के आसपास संचालित शासकीय हाईस्कूल, आनंद मार्ग स्कूल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का हवाला देते हुए कहा कि जुए के दौरान जुटने वाली भीड़ से महिलाओं और स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा आसपास के गांवों से खरीदारी के लिए सांकरा पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानी होती है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने जुए की लत से परिवारों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि लालच में लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा देते हैं, जिससे परिवारों में आर्थिक संकट, अशांति और आपसी विवाद की स्थिति निर्मित होती है।

इस मांग को लेकर नंदी सेवा समिति के अध्यक्ष मनोज कश्यप, सचिव डिकेश्वर साहू सहित नेहरू साहू, कल्याण मत्स्यपाल, डिकेश साहू, गोपी साहू, दिलीप सेन, डिगेश्वर देवांगन, शिवराम कश्यप, रेवतलाल नेताम, हेमन पुजारी, उत्तम, हरिसिंह, शिवलाल, कमलराम, जानेश्वर गोयल, पुनानंद, प्रेमलाल, किशोर कुमार, राहुल और हीरालाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से नंदी चौक की सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थिति को देखते हुए दीपावली के दौरान खड़खड़िया और ताश के जरिए जुआ खिलाने पर प्रभावी रोक लगाने तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है। ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक धमतरी, एसडीएम नगरी, तहसीलदार नगरी, थाना प्रभारी सिहावा, ग्राम पंचायत सांकरा के सरपंच एवं सचिव तथा ग्राम व्यवस्था समिति को भी भेजी गई है।

नंदी चौक में जुए की गतिविधियों पर रोक लगाने की ग्रामीणों की इस मांग के बाद अब देखना होगा कि प्रशासन और पुलिस दीपावली के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Related Articles

Back to top button