उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गौ सेवकों के साथ की अहम बैठक, पशु रेस्क्यू और उपचार व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश।

कवर्धा/उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने जिला कार्यालय में गौ सेवकों और संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर सड़क पर विचरण करने वाले बीमार एवं घायल पशुओं के रेस्क्यू, उपचार और संरक्षण व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने गौ सेवकों से जमीनी स्तर पर आने वाली परेशानियों और सुझावों की जानकारी ली। गौ सेवकों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य की सराहना करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू के दौरान गौ सेवकों को किसी तरह की परेशानी न हो और उनकी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए।
24 घंटे चलेगा पशु रेस्क्यू वाहन
विजय शर्मा ने जिले में उपलब्ध पशु रेस्क्यू वाहन को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटना में घायल या बीमार पशु की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंच सके।
पशु चिकित्सकों की उपलब्धता पर भी फोकस
बैठक में पशुपालन विभाग के चिकित्सकों और उपलब्ध मानव संसाधन की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए गए कि जहां पशुओं के उपचार की अधिक आवश्यकता है, वहां पर्याप्त चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्वर्ण जयंती परिसर में बन सकती है बेहतर व्यवस्था
बैठक में स्वर्ण जयंती परिसर का निरीक्षण कर वहां पशु चिकित्सालय को शिफ्ट करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। बड़े और व्यवस्थित परिसर में बीमार व घायल पशुओं के उपचार, देखभाल और विश्राम के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया।
पैरादान के लिए किसानों को करेंगे जागरूक
उप मुख्यमंत्री ने किसानों से अधिक से अधिक पैरादान कराने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। किसानों को फसल अवशेष जलाने के बजाय गौवंश के लिए पैरा दान करने प्रेरित करने की बात कही गई, जिससे पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
दुर्घटना संभावित स्थानों पर बेरिकेडिंग का सुझाव
सड़कों पर बैठे पशुओं को दुर्घटनाओं से बचाने के लिए दुर्घटना संभावित एवं खतरनाक मोड़ों को चिन्हांकित कर बेरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा उपाय करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक का फोकस साफ रहा—सड़क पर घायल पशु दिखे तो रेस्क्यू में देरी नहीं,उपचार में लापरवाही नहीं और संरक्षण के लिए व्यवस्था मजबूत हो।



