धमतरी: ई-रिक्शा चालक से मोबाइल झपटकर भागा आरोपी गिरफ्तार, 5 आपराधिक मामले दर्ज,छीना गया फोन बरामद

धमतरी जिले के बिरेझर क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक से मोबाइल फोन झपटकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 8 हजार रुपये कीमत का वीवो मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
सोनपुर मोड़ पर हुई थी झपटमारी…
पुलिस के अनुसार, ग्राम सोनपुर निवासी सागर शर्मा (28 वर्ष) 7 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे सवारी छोड़कर ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोनपुर मोड़ के पास वाहन की गति धीमी होने पर एक व्यक्ति दौड़कर आया और उनके हाथ से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर चौकी बिरेझर, थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 344/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मोबाइल किया बरामद…
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेही जितेंद्र नवरंगे (38 वर्ष), निवासी ग्राम कोडेबोड़, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कथन के आधार पर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद 9 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं 5 आपराधिक मामले…
धमतरी पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध थाना अर्जुनी और चौकी बिरेझर में मवेशी तस्करी, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा सहित कुल पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें दो मामलों में न्यायालय का फैसला आ चुका है, जबकि अन्य मामले विचाराधीन हैं। पुलिस टीम पर हमले के दो मामले भी दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस द्वारा विस्तृत आपराधिक रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से मोबाइल और कीमती सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
